समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड के राजाजान गांव निवासी प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह और अनुराधा राजपूत के बेटे अभिषेक चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। अभिषेक ने देशभर में 102वीं रैंक प्राप्त कर आईपीएस (IPS) बनकर जिले को गौरवान्वित किया है। बता दें कि अभिषेक भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा हैं।
वैभव सूर्यवंशी के पिता ने शेयर की जानकारी
वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी अपने साले साहब की सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने अभिषेक चौहान यानी अपने साले साहब की कामयाबी को गौरव के क्षण बताया। उन्होंने उनकी रैंक के बारे में भी बताया।
गोल्ड मेडलिस्ट हैं अभिषेक चौहान
अभिषेक चौहान बचपन से ही मेघावी छात्र रहे हैं। शुरुआती पढ़ाई हाजीपुर के अक्षरा स्कूल से शुरू हुई थी जहां से उन्होंने एक साथ सैनिक स्कूल और आरके मिशन में छठी क्लास में नामांकन की परीक्षा निकालकर अपनी पढ़ाई की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने M.Tech की पढ़ाई पूरा करते हुए गोल्ड मेडलिस्ट बनकर जिला का नाम रौशन किया था। साथ ही 2022 के बाद लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू कर दी थी।
पहली बार में बड़ी सफलता
2025 में पहली बार में ही संघ लोक सेवा आयोग की प्री और मेंस परीक्षा पास कर 2026 में इंटरव्यू में भी शानदार तरीके से सवालों का सटीक जबाव देकर अभिषेक ने अपनी काबलियत सामने रखी। शुक्रवार को जैसे ही संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया, तो अभिषेक ने 102वीं रैंक लाकर आईपीएस बन गए।
अभिषेक के घर पर बधाई देने वालों का तांता
शुक्रवार को घोषित नतीजों के बाद अभिषेक के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके पिता प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह वर्तमान में नालंदा खुला विश्वविद्यालय में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) के पद पर कार्यरत हैं।

