डिजिटल डेस्क/कोलकाता : कोलकाता पुलिस ने इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनौली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने वाले वजाहत खान कादरी रशीदी को गिरफ्तार कर लिया। वजाहत ने शर्मिष्ठा पर पैगंबर मुहम्मद के बारे में आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए गार्डेनरीच थाने में शिकायत दर्ज की थी। इस आधार पर कोलकाता पुलिस ने गुड़गांव जाकर शर्मिष्ठा को गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने के बाद शर्मिष्ठा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें अलीपुर महिला जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शर्मिष्ठा हाल ही में जमानत पर रिहा हो चुकी हैं।
इसी बीच वजाहत के खिलाफ हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने और नफरत फैलाने के आरोप में कोलकाता, दिल्ली और गुवाहाटी में कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। इन आरोपों के बाद वजाहत एक जून से फरार था। कोलकाता पुलिस ने सघन छापेमारी के बाद उसे सोमवार को धर दबोचा। शिकायतकर्ताओं में से एक प्रसून मैत्र ने वजाहत को ‘आदतन अपराधी’ करार दिया। पुलिस ने बताया कि वजाहत के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है। इस घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को लेकर चल रही बहस को और तेज कर दिया है।