Vande Bharat: प्रधानमंत्री ने छह वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, कई रेलवे परियोजनाओं का किया शिलान्यास

Uday Kumar Pandey
2 Min Read

मिरर मीडिया संवाददाता धनबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झारखंड के टाटानगर से कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया और छह नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। यह परियोजनाएँ देश के रेल नेटवर्क को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत की, जिनमें गया-हावड़ा, टाटा-पटना सहित अन्य मार्गों पर नई ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई शहरों के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे यात्रियों को तेज़ और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

स्थानीय नेता रहे उपस्थिति:

इस महत्वपूर्ण अवसर पर, हजारीबाग कोचिंग कॉम्प्लेक्स के शिलान्यास के दौरान हजारीबाग स्टेशन पर मनीष जायसवाल और सांसद डॉ. अहमद सरफराज मौजूद रहे। पारसनाथ स्टेशन पर गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के आगमन पर चन्द्र प्रकाश चौधरी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

धनबाद स्टेशन पर विधायक राज सिन्हा और पूर्णिमा नीरज सिंह ने ट्रेन के आगमन का स्वागत किया। गोमोह स्टेशन पर टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के आगमन पर मथुरा प्रसाद महतो और धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने समारोह में भाग लिया।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल:

इस अवसर पर पारसनाथ और कोडरमा स्टेशन पर झारखंड सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी देवी, सांसद डॉ. अहमद सरफराज और विधायक डॉ. नीरा यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री द्वारा इन नई रेल सेवाओं और परियोजनाओं के उद्घाटन से भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और तेज़ गति वाली यात्रा का लाभ मिलेगा।

Share This Article
Follow:
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।