बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी का हाल ही में एक एक्सीडेंट हो गया, जिसके चलते उनका पुणे में होने वाला कॉन्सर्ट पोस्टपोन कर दिया गया है। विशाल ने खुद इस खबर की पुष्टि अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर की। हालांकि, उनके एक्सीडेंट की ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
विशाल ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर कहा, “मेरा छोटा सा एक्सीडेंट हो गया था। जल्द ही मैं वापस आऊंगा, मैं आप सभी को अपडेट देता रहूंगा।” इसके साथ ही, इवेंट के ऑर्गेनाइज़र अर्बन शोज ने भी इसकी आधिकारिक जानकारी दी और बताया कि 2 मार्च 2025 को होने वाला कॉन्सर्ट आगे बढ़ा दिया गया है।
रिफंड और नई डेट की जानकारी
ऑर्गेनाइज़र ने टिकट धारकों को भी अपडेट देते हुए बताया कि जो लोग पहले से टिकट खरीद चुके थे, उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि शो को जल्द ही रीशेड्यूल किया जाएगा और नई तारीख की जानकारी आधिकारिक अकाउंट पर साझा की जाएगी।
विशाल-शेखर की जोड़ी को देखने के लिए फैंस थे उत्साहित
इस कॉन्सर्ट में विशाल के साथ उनकी म्यूजिक पार्टनर शेखर रवजियानी भी परफॉर्म करने वाले थे। विशाल-शेखर की जोड़ी बॉलीवुड में कई सुपरहिट गाने देने के लिए जानी जाती है और वे सिंगिंग रियलिटी शोज में जज के तौर पर भी नजर आ चुके हैं।
फिलहाल, फैंस विशाल के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं और इस इवेंट की नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं।