नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच जेडीयू में उठे विरोध के स्वर, क्या बढ़ेगी बीजेपी की टेंशन?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की सियासत में आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। आज नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने की खबर है। नीतीश के राज्यसभा जाने की खबर को लेकर जनता दल यूनाइडेट(जेडीयू) में सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू के कई विधायक और बड़े नेता पटना पहुंचने लगे हैं।

जदयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी

इस खबर के बाद जेडीयू के अंदर विरोध शुरू हो गया है। देर शाम जेडीयू से जुड़े युवा कार्यकर्ता सीएम आवास के पास पहुंचे। उन्होंने अपना विरोध जताया। जदयू कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी देखी जा रही है। जेडीयू कार्यकर्ताओं का कहना है कि षड्यंत्र के तहत नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति से दूर किया जा रहा है। शराब माफिया और जेडीयू के कुछ नेता सीएम नीतीश के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। नीतीश कुमार अगर दिल्ली गए तो बिहार में महिला और उनके प्रशंसक जन आंदोलन करेंगे।

सत्ता हस्तांतरण जल्दबाजी में नहीं होना चाहिए-सरयू राय

इधर, सीएम नीतीश कुमार को लेकर झारखंड से जेडीयू विधायक सरयू राय ने कहा कि सत्ता हस्तांतरण जल्दबाजी में नहीं होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि सत्ता हस्तांतरित करने का यह सही समय नहीं है। अचानक से ऐसा करना जनता और समर्थकों को ठीक नहीं लग रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नेतृत्व जो भी करता है वह सोच-समझकर करता है, लेकिन, मेरी समझ से यह निर्णय सही समय पर होता है तो उसका अच्छा नतीजा निकलता। चुनाव के बाद इस तरह से आम जनता को अचानक से बताना कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं ये उचित नहीं है। हमारे जैसे नेता को भी यह ठीक नहीं लग रहा है।

नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं डाल सकता-सरयू राय

हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाना चाहते हैं तो इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। मीडिया के इस सवाल पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं डाल सकता है। उन्होंने अपनी शर्तों पर सरकार चलाई है। वे आज की तिथि में बिहार के सर्वमान्य नेता हैं। वो तैयार हैं और एनडीए के नेता उनको राज्यसभा भेजना चाहते हैं तो फिर इसमें किसी को क्या आपत्ति है।

Share This Article