बलियापुर में अनुसूचित वन भूमि पर 66 एकड़ में अवैध ओबी डंपिंग, जंगल नष्ट, कानूनी कार्रवाई की तैयारी, देखे वीडियो….

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। बलियापुर अंचल अंतर्गत सुरंगा मौजा की अधिसूचित वन भूमि पर बीसीसीएल लोदना एरिया संख्या 10 और उसकी अनुषंगी इकाई आउटसोर्सिंग कंपनी AT देवप्रभा द्वारा 66 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से ओबी (ओवरबर्डन) डंप किए जाने का मामला सामने आया है।

यह खुलासा अंचल अधिकारी बलियापुर प्रवीण कुमार सिंह और वन क्षेत्र पदाधिकारी की संयुक्त जांच में हुआ। अनुमंडल पदाधिकारी धनबाद और जिला वन पदाधिकारी धनबाद के निर्देशानुसार जांच की गई, जिसमें पाया गया कि कंपनियों ने बिना सरकारी एनओसी के सर्वे खाता संख्या 386, प्लॉट संख्या 709 (61.25 एकड़) और प्लॉट संख्या 656 (4.55 एकड़) पर ओबी डंप कर दिया है।

वन संरक्षण अधिनियम 1980 का उल्लंघन

जांच में स्पष्ट हुआ कि कंपनियों द्वारा वन संरक्षण अधिनियम 1980 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। इस अवैध डंपिंग से एक ओर जंगलों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण को भी गंभीर क्षति हुई है।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

वन भूमि पर अवैध रूप से ओबी डंप किए जाने को लेकर वन क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और भी जांच की जा सकती है।

जांच टीम में कौन-कौन थे शामिल

संयुक्त जांच दल में अंचल अधिकारी बलियापुर, वन क्षेत्र पदाधिकारी, अंचल अमीन अंगद पंडित और अन्य अंचल कर्मी उपस्थित थे। जांच दल ने मौके पर जाकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और अवैध डंपिंग की पुष्टि की।

अवैध डंपिंग पर प्रशासन की सख्ती

वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध डंपिंग को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। इस मामले में संबंधित कंपनियों पर कठोर कार्रवाई की जाने की संभावना है, ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....