झारखंड निकाय चुनाव: सरायकेला में उत्साह की लहर, आदित्यपुर और कपाली में भी तेज हुआ मतदान का ग्राफ

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क / जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के निकाय क्षेत्रों में आज सुबह से ही लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। सरायकेला जिले के विभिन्न निकायों में दोपहर 01 बजे तक के मतदान आंकड़ों ने चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, नगर पंचायत सरायकेला में सबसे अधिक 47.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं नगर निगम आदित्यपुर में 34.82 प्रतिशत और नगर परिषद कपाली में 35.59 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। दोपहर होते-होते बूथों पर कतारें और लंबी होती जा रही हैं।

जमशेदपुर के बूथों पर भी सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। शहर के लगभग सभी केंद्रों के बाहर मतदाताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। मतदान की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है, जिसमें सबसे पहले मतदाता सूची से नाम का मिलान होता है और फिर दो अलग-अलग जगह हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से मेयर और वार्ड पार्षद के लिए अलग-अलग पर्चे दिए जा रहे हैं। मतदान की रफ्तार कुछ धीमी होने की वजह मतपत्रों को सही तरीके से मोड़ने की प्रक्रिया है, ताकि स्याही दूसरे प्रत्याशी के कॉलम में न लग जाए। सावधानी के साथ की जा रही इस प्रक्रिया के कारण बूथों के बाहर लाइनों का विस्तार हो रहा है।

क्षेत्रीय स्तर पर जुगसलाई के बूथों पर विशेष हलचल देखने को मिली है, जहां मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं में भारी जोश है। लोग सुबह की नमाज अदा करने के बाद सीधे मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदाताओं का प्रयास है कि धूप और गर्मी बढ़ने से पहले ही वे अपनी जिम्मेदारी निभा लें। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और प्रशासन पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे दिन ढल रहा है, उम्मीद जताई जा रही है कि मतदान प्रतिशत में और भी बड़ा उछाल देखने को मिलेगा।

Share This Article