डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: वायनाड लोकसभा उपचुनाव की चर्चाएं इन दिनों देशभर में हो रही हैं। बुधवार को इस सीट पर वोटिंग होनी है, जहां कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में हैं। यह सीट कांग्रेस के लिए सुरक्षित मानी जाती रही है, लेकिन प्रियंका गांधी के लिए यह चुनाव उनकी राजनीतिक कौशल की पहली ‘अग्निपरीक्षा’ होगी।
एलडीएफ और भाजपा की चुनौती
प्रियंका का सामना केरल की सत्तारूढ़ एलडीएफ के सत्यन मोकेरी और भाजपा की नव्या हरिदास से है। दोनों ही स्थानीय प्रत्याशी हैं। पहले यह माना जा रहा था कि भाजपा के मजबूत होने से कांग्रेस को नुकसान हो सकता है, लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक भाजपा की मजबूती का प्रभाव वामपंथ पर अधिक पड़ रहा है।
वायनाड सीट पर कांग्रेस की मजबूत पकड़, 2009 से लगातार जीत
वायनाड सीट 2008 में गठित की गई थी और शुरू से ही कांग्रेस के लिए सुरक्षित मानी जाती रही है। 2009 के बाद से कांग्रेस यहां से लगातार जीतती आई है। 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर घटने के बावजूद पार्टी ने जीत दर्ज की। वर्ष 2009 में कांग्रेस नेता एमआई नावास यहां से पहले सांसद बने, और 2018 तक पद पर रहे। उनके निधन के बाद, 2019 में राहुल गांधी ने इस सीट से 64.8% वोट के साथ जीत हासिल की थी। 2024 में भी उन्होंने 3.64 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
प्रियंका गांधी की संपत्ति और शिक्षा का विवरण
हाल ही में प्रियंका गांधी ने नामांकन के दौरान अपनी संपत्ति और शैक्षिक पृष्ठभूमि का विवरण प्रस्तुत किया। हलफनामे के अनुसार, प्रियंका ने प्राथमिक शिक्षा कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से साइकोलॉजी में बीए ऑनर्स किया और वर्ष 2010 में बौद्ध अध्ययन में एमए की डिग्री हासिल की।
संपत्ति में ज्वैलरी से लेकर कार तक का उल्लेख
प्रियंका गांधी के हलफनामे में बताया गया है कि उनकी कुल चल संपत्ति 4,24,78,689 रुपये है और अचल संपत्ति 13,89,92,515 रुपये है। उनके पास होंडा सीआरवी कार है और पति रॉबर्ट वाड्रा की चल संपत्ति 37,91,47,432 रुपये है। प्रियंका पर 15.75 लाख रुपये का कर्ज भी है। उनके पास 4.41 किलो ज्वैलरी, जिसमें 2.5 किलो सोना है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख 79 हजार रुपये है। साथ ही, 59.83 किलो चांदी की वस्तुएं भी हैं, जिनकी कीमत 29,55,581 रुपये आंकी गई है।
इस चुनावी मुकाबले में प्रियंका की भूमिका पर सभी की नजरें हैं, जहां उनका प्रदर्शन कांग्रेस की अगली पीढ़ी की संभावनाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।