बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस ने एक मदरसे से हथियार बरामद किया है। चकिया थाना क्षेत्र के गवंदरा स्थित मदरसा में छापेमारी कर पुलिस ने एक पिस्टल बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मदरसे को सील किया
पिछले कई वर्षों से मोतिहारी का चकिया और मेहसी थाना क्षेत्र सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। आज रविवार को पुलिस ने चकिया क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस ने चकिया थाना के गवंदरा गांव के एक मदरसा में छापेमार की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की है। मदरसे से पिस्टल बरामद होने पर पुलिस ने तत्काल ही मदरसे को सील कर दिया है।
किसी बड़े घटना को अंजाम देने की आशंका
पुलिस को जानकारी मिली थी कि मदरसे में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हथियार रखे गए हैं। सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी के दौरान हथियार बरामद कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को आशंका है कि किसी बड़े घटना को अंजाम देने के लिए हथियारों को जमा किया जा रहा था। इस मामले में हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
PFI के सक्रिय सदस्य की हुई थी गिरफ्तारी
यह वही मदरसा है, जहां से पहले पीएफआई से जुड़े सदस्य उस्मान सुल्तान उर्फ याकूब को चकिया पुलिस और एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। याकूब खान अयोध्या में बन रहे राममंदिर का विरोध किया था। उसने अयोध्या में राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद बनाए जाने की बात सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसके लिए उसने हथियार और गोला-बारूद भी जमा किए थे।

