देशभर में मौसम का तेवर लगातार बदल रहा है। कहीं मूसलाधार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाएं सामने आ रही हैं, तो कहीं मॉनसून की रफ्तार तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। पहाड़ी राज्यों में बारिश थमने के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया (निम्न दबाव क्षेत्र) विकसित हो रहा है। इसके कारण ओडिशा से लेकर महाराष्ट्र तक मॉनसून की गति तेज होगी और एक बार फिर से बारिश का जोर बढ़ जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम धीरे-धीरे और मजबूत होगा, जिससे पूर्वी और मध्य भारत में व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
किन राज्यों में अलर्ट?
गोवा और कोंकण क्षेत्र में 16 अगस्त 2025 को भारी से बहुत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में 17 और 18 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।
गुजरात में 18 अगस्त को मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अगले सात दिनों तक गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में हालात
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में पहले से ही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। यहां लगातार भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
कहां-कहां बरसेंगे बादल?
IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में निम्नलिखित क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है:
पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम मध्य प्रदेश।
तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड।
इसके अलावा केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और विदर्भ में भी बारिश तेज होने की संभावना है।