दसवीं-बारहवीं के बाद क्या करें? वैली व्यू स्कूल के मेगा करियर फेयर में मिला छात्रों की हर उलझन का जवाब

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: स्कूली पढ़ाई और परीक्षाओं के तनाव के बीच अक्सर छात्र अपने भविष्य की राह को लेकर भ्रमित रहते हैं। इसी दुविधा को दूर करने के लिए वैली व्यू स्कूल में ‘करियर माइलस्टोन’ के सहयोग से एक भव्य करियर मेले का आयोजन किया गया। कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस मेले में देश की 20 शीर्ष यूनिवर्सिटीज के साथ-साथ 2 विदेशी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। ​इस दौरान छात्रों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने अपने मनपसंद कोर्स और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विशेषज्ञों से खुलकर सवाल पूछे।

सपनों को दें सही दिशा, खुलकर पूछें सवाल: मिक्की सिंह

​मेले का शुभारंभ करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल मिक्की सिंह ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य को लेकर मन में जितने भी सवाल या शंकाएं हों, उन्हें बिना किसी झिझक के इस मंच पर साझा करें। सही समय पर मिला मार्गदर्शन ही आपके करियर को सही दिशा दे सकता है।

सालों-साल पढ़ाई के साथ सही गाइडेंस भी जरूरी

​कार्यक्रम का संचालन कर रहे वाइस प्रिंसिपल डॉ. जे.के. पाण्डेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छात्र साल भर पाठ्यक्रम और बोर्ड परीक्षाओं में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में स्कूल परिसर के भीतर ही ऐसा प्लेटफॉर्म मिलना बेहद जरूरी है जहां वे अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर सकें। यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों ने भी छात्रों की रुचि और तीखे सवालों की सराहना की। इस मौके पर ‘करियर माइलस्टोन’ के सह-संस्थापक प्रमोद कुमार सिंह ने सफल आयोजन के लिए प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल को सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक विनोद, अमित, चंदन और तमांग की मुख्य भूमिका रही।

Share This Article