शराब पीने से मना किया तो पति बना हैवान, पत्नी पर बीयर की बोतल से किया जानलेवा हमला

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी के बागबेड़ा थाना क्षेत्र से घरेलू हिंसा की एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने मामूली विवाद में अपनी ही पत्नी पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

विरोध करने पर टूटा कहर
घटना बागबेड़ा के नया बस्ती की है। जानकारी के अनुसार आरोपी के. श्याम 24 मार्च की रात करीब 11 बजे अपने घर में शराब पी रहा था। उसकी पत्नी साईना परवीन ने जब घर में शराब पीने का विरोध किया तो श्याम अपना आपा खो बैठा। आवेश में आकर उसने बीयर की खाली बोतल तोड़ी और सीधे साईना पर हमला कर दिया।

चार दिन बाद हिम्मत जुटाकर पहुंची थाने
हमले के बाद लहूलुहान साईना ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। शुरुआत में डर और लोक-लाज के कारण उसने पुलिस से संपर्क नहीं किया, लेकिन आखिर में हिम्मत जुटाकर घटना के चार दिन बाद वह बागबेड़ा थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही बागबेड़ा पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात छापेमारी की और आरोपी के. श्याम को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू हिंसा के मामलों में जरा भी देरी खतरनाक हो सकती है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बढ़ते घरेलू हिंसा के मामले चिंताजनक
यह घटना बताती है कि कैसे छोटी-छोटी बातें हिंसक रूप ले रही हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी भी घर में इस तरह की प्रताड़ना या हिंसा हो रही है, तो उसे सहने के बजाय तुरंत रिपोर्ट करें ताकि समय रहते न्याय मिल सके।

Share This Article