डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : झारखंड के चाईबासा में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 161 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। इस दल ने सदर थाना क्षेत्र में सिद्देश्वर मंदिर के पास एक जनरल स्टोर दुकान में छापेमारी की।
सदर थाना के बड़ा नीमडीह निवासी संगीता तिवारी (उम्र 50 वर्ष) को वहीं से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि संगीता तिवारी पूर्व में वर्ष 2021 में भी अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के जुर्म में जेल जा चुकी हैं। इस संबंध में सदर थाना चाईबासा में उनके विरुद्ध कांड दर्ज किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध से संबंधित सूचना नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

