डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आज बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गोलमुरी-सह-जुगसलाई परियोजना में किशोरियों और महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग, जमशेदपुर पुलिस और साइबर पीस ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यशाला का फोकस वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे अपराधों जैसे डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, लोन ऐप फ्रॉड और विभिन्न ऑनलाइन स्कैम पर रहा। उपस्थित प्रतिभागियों को डिजिटल क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों और डिजिटल वेल-बीइंग (डिजिटल कल्याण) को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर साइबर थाना बिष्टुपुर के प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर कुणाल राजा (साइबर थाना बिष्टुपुर), साइबर पीस के स्टेट कोऑर्डिनेटर तारक दास और ट्रेनर आस्था तिवारी ने प्रतिभागियों को साइबर क्राइम और उनसे बचाव के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में किशोरियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, परियोजना कार्यालय की महिला पर्यवेक्षिकाओं और वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इस पहल से उम्मीद है कि महिलाएं और किशोरियां डिजिटल दुनिया में अधिक सुरक्षित और जागरूक बनेंगी।