डिजिटल डेस्क/रांची : कोडरमा थाना क्षेत्र के सलैया गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में दबे एक शक्तिशाली विस्फोटक की चपेट में आने से 14 वर्षीय त्रिलोकी उर्फ लव कुश दास गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिरजू दास का बेटा त्रिलोकी अपने परिवार के साथ पशु चराकर घर लौट रहा था। तभी अचानक उसका पैर खेत में पहले से छुपाए गए विस्फोटक पर पड़ा, और एक तेज धमाके के साथ बच्चा दूर जा गिरा। धमाका इतना भीषण था कि उसके पैर बुरी तरह जख्मी हो गए।
आसपास के लोगों और स्वजनों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर लव कुश को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
स्वजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ शरारती तत्व जंगल के जानवरों को शिकार बनाने के इरादे से मिट्टी खोदकर उसमें कपड़े में लिपटे विस्फोटक छुपा देते हैं। इसी ‘दफन मौत’ की चपेट में मासूम लव कुश आ गया।
यह पहली घटना नहीं है, कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में एक गाय इसी तरह के विस्फोटक का शिकार होकर मारी गई थी। इस ताजा हादसे ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण लगातार ऐसी खतरनाक करतूतों को अंजाम देने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में और कोई मासूम इसका शिकार न हो।

