जमशेदपुर : जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक कर “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस कार्यक्रम के तहत 15 नवंबर से 29 दिसंबर तक जिला अंतर्गत सभी पंचायतों में पंचायत स्तरीय शिविर किया जाना है। बड़े प्रखड को छोड़कर अन्य प्रखंडों में यह ध्यान रखे जाने का निर्देश दिया गया कि एक दिन में एक ही पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन हो। उन्होने पदाधिकारियों व कर्मियों से इसे रूटीन कार्य की तरह नहीं, बल्कि उत्सव के रूप में किये जाने की बात कही। ग्रामीणों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, माइकिंग सिस्टम दुरुस्त रखे जाने का निदेश दिया। साथ ही सभी शिविर में अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाये जाने का निर्देश दिया गया। सभी प्रखण्डों को अनिवार्य रूप से पंचायत स्तरीय शिविर का तिथिवार कार्यक्रम सारणी सोमवार 06 नवंबर 2023 तक समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दिये जा रहे लाभ को समाज के अंतिम लाभुक तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर सभी पंचायत, सभी गांव–टोला में शिविर आयोजन के 7 दिनों पहले से व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। ताकि अधिकाधिक लोग शिविर का लाभ ले सकें। उन्होने निर्देशित किया कि शिविर में लगाए गए स्टॉल में कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट सेवा और कंप्यूटर ऑपरेटर आवश्यक रूप से हो। साथ ही जनरेटर व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
जिला उपायुक्त द्वारा शिविर का आयोजन पंचायत भवन या उसके आसपास ऐसे जगह करने का निर्देश दिया गया। जो ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक हो तथा ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हो सकें। शिविर का संचालन योजनाबद्ध तरीके से हो इसके लिए उन्होंने प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारी के प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होने पंचायत स्तरीय शिविर में सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी के साथ-साथ विभागीय पदाधिकारी को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
शिविर में इन गतिविधियों का किया जाएगा संपादन
- राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों को दी जाएगी।
- अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप योजना, जाति, आय, जन्म-मृत्यु, दिव्यांगता प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
- राजस्व से जुड़े मामले जैसे म्यूटेशन, मापी लगान रसीद तथा ऑनलाइन रिकॉर्ड में त्रुटियों को दूर करने, सामुदायिक और व्यक्तिगत वन पट्टा के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे।
- सर्वजन पेंशन, सावित्री बाई फुले, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सीएम पशुधन योजना के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे।
- श्रम विभाग के श्रमाधान पोर्टल पर प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण किया जाएगा।
- राशन कार्ड में संशोधन और बिजली बिल से संबंधित शिकायतों को भी दूर किया जाएगा।
- आम जनों से सामाजिक-आर्थिक बुनियादी जरूरतों से जुड़े परियोजनाओं के लिए आवेदन लिए जाएंगे (15वें FC, जनजातीय कल्याण और मनरेगा के लिए)
- ऑन द स्पॉट परिसम्पतियों व सरकारी लाभों का वितरण।
- पूर्व में स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए एक अभियान चलाया गया था। इस अभियान में निर्मित परन्तु अवितरित जाति प्रमाण पत्रों को इन शिविरों में बांटा जायेगा।
- प्रत्येक शिविर में छात्र-छात्राओं के बीच साईकिल क्रय के लिए प्रतीकात्मक चेक का वितरण किया जायेगा। यह भी सुनिश्चित किया जायेगा कि सभी लाभार्थियों को उसी दिन साईकिल क्रय के लिए डीबीटी के माध्यम से राशि प्राप्त हो जाय।
- एसएचजी व क्लस्टर सदस्यों के बीच आईडी कार्ड का वितरण।
- धोती, साड़ी, लुंगी व कंबल का वितरण।
- पशुधन योजना, बिरसा सिंचाई कूप योजना, अबुआ आवास योजना तथा अन्य योजनाएं हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि योजना को सैचुरेशन मोड में ले जाना है और शत प्रतिशत लाभूकों को इस योजना से जोड़ना है।

