धनबाद – रेलवे सिग्नल केबल काटने के मामले में युवक गिरफ्तार, RPF की गश्त में खुला राज

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के एक गंभीर मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत धनबाद रेल मंडल में की गई।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को धनबाद–भूली रेलखंड के बीच ट्रैक संख्या 360T अचानक फेल हो गया था। जांच में सामने आया कि किलोमीटर संख्या 271/19–21 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे सिग्नल के चार जम्पर केबल काटकर क्षतिग्रस्त कर दिए थे। इस कारण गया–सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ था। बाद में सिग्नल विभाग ने केबल जोड़कर ट्रैक को बहाल किया।

घटना को लेकर सिग्नल विभाग के वरीय अनुभाग अभियंता प्रदीप कुमार सिन्हा की शिकायत पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 110/26 दर्ज की गई थी। मामले की जांच उप निरीक्षक शाहिना इस्लाम को सौंपी गई।

गश्त के दौरान संदिग्ध गिरफ्तार

जांच के क्रम में 23 फरवरी 2026 को RPF की टीम धनबाद स्टेशन और भूली स्टेशन के बीच गश्त कर रही थी। इसी दौरान डाउन लाइन के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। उसके पास लाल रंग का प्लास भी बरामद किया गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम मो. अफजल (उम्र करीब 19 वर्ष) बताया। वह आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के गुलजारपाड़ा का रहने वाला है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और पैसे के लिए रेलवे सिग्नल तार चोरी करता है। उसने यह भी कबूला कि 24 जनवरी को इसी स्थान पर उसने चार केबल काटे थे, लेकिन कर्मचारियों के पहुंचने के कारण तार ले नहीं जा सका था।

पहले भी जा चुका है जेल

RPF के अनुसार मो. अफजल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी रेसुब पोस्ट धनबाद में वर्ष 2024 और 2025 में रेलवे संपत्ति चोरी के मामलों में केस दर्ज हैं और वह दो बार जेल जा चुका है।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल ने इस घटना को गंभीर मानते हुए रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए गश्त और निगरानी और सख्त करने की बात कही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....