डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-28 के तहत बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में दाखिले से चूके विद्यार्थियों के पास अब शिक्षक बनने का यह अंतिम मौका है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने खाली पड़ी सीटों को भरने के लिए चौथी और अंतिम ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया का ऐलान कर दिया है।
मुख्य तिथियां और शेड्यूल
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व च्वाइस फिलिंग: 22 सितंबर तक की समयावधि तय की गई है।
दस्तावेज सत्यापन और दाखिला: 25 से 30 सितंबर तक संबंधित संस्थानों में प्रक्रिया पूरी होगी।
किसे मिलेगा अंतिम मौका?
यह विशेष चरण उन सभी अभ्यर्थियों के लिए वरदान साबित होगा जो पहले, दूसरे या तीसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके थे, या जिन्हें सीट मिलने के बावजूद वे नामांकन नहीं करा पाए थे। इसके अलावा, जो छात्र पहले से नामांकित हैं लेकिन संस्थान बदलना चाहते हैं, वे भी इस चौथे चरण में भाग ले सकते हैं। हालांकि, अगर उन्हें नया संस्थान आवंटित होता है, तो उनका पुराना नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा और उन्हें नए संस्थान में ही प्रवेश लेना होगा।
काउंसलिंग से जुड़े जरूरी निर्देश
विकल्प चयन: पर्षद के अनुसार, छात्र जितने अधिक संस्थानों के विकल्प चुनेंगे, सीट मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी।
शुल्क विवरण: सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए काउंसलिंग शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है।

