​अफीम तस्करी के बड़े रैकेट का सुराग: तीन-चार साल से चल रहा था काला कारोबार, 1.04 किलो अफीम के साथ दो धराए

Manju
By Manju
3 Min Read

​डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम में अफीम तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का सुराग पुलिस के हाथ लगा है। सोनुवा और गोईलकेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक किलो से अधिक अफीम के साथ जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया है, वे बीते तीन से चार वर्षों से इस काले कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस अब पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल फोन और पूछताछ के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरों व सप्लाई रूट की पड़ताल में जुटी है।

कैसे बिछाया गया जाल
​चक्रधरपुर के एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बाइक पर सवार दो लोग अवैध अफीम की खेप लेकर सोनुवा बाजार की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए टीम ने सोनुवा बाजार से पनसुआ डैम मार्ग स्थित बांजीकुसुम मोड़ के समीप घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सामने से आ रही संदिग्ध बाइक को रोका गया और तलाशी ली गई।

अफीम के साथ मोबाइल और बाइक जब्त
​तलाशी के दौरान आरोपितों के पास मौजूद बैग से 1.04 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, तीन स्मार्टफोन और कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुंवर सिंह गागराई (उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी उदलकम, थाना सोनुवा) और रेला होरो उर्फ रेला कच्छप (उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी रुआवली, थाना गुदड़ी) के रूप में हुई है।

नेटवर्क की तह तक जाने की कवायद
​पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपित लंबे समय से अफीम की अवैध खेती और तस्करी से जुड़े थे और इसी से होने वाली आय से अपना खर्च चलाते थे। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी एक बड़े रैकेट की ओर इशारा करती है। सोनुवा थाना में 23 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(सी), 25, 27बी व 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसे किसे सौंपा जाना था और इस धंधे में पर्दे के पीछे कौन-कौन शामिल हैं।

​कार्रवाई में शामिल टीम
​इस छापेमारी अभियान में सोनुवा थाना प्रभारी शशि बाला भेंगरा, गोईलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा, एएसआइ घनश्याम केराई और सोनुवा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share This Article