बोकारो। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के उपलक्ष्य में हजारीबाग में आयोजित उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा ग्रामीण व स्वदेशी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में बोकारो के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कस्तूरी महतो ने जीता स्वर्ण, संदीप को रजत पदक
20 मीटर तीरंदाजी स्पर्धा में कस्तूरी महतो ने 352 अंक हासिल कर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, संदीप कुमार महतो ने 353 अंक के साथ पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
दो खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक
प्रतियोगिता में बोकारो के दो अन्य खिलाड़ियों ने भी पदक अपने नाम किये। बिष्णु कुमार बाउरी ने 353 अंक हासिल कर पुरुष वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि डोली कुमारी 351 अंक के साथ महिला वर्ग में तीसरे स्थान पर रहीं। इस तरह बोकारो के चारों खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
रांची में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखायेंगे दम
प्रमंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले चारों चयनित खिलाड़ी 26 और 27 नवंबर को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वे वहां उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला प्रशासन और तीरंदाजी संघ ने दी बधाई
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला प्रशासन, बोकारो जिला तीरंदाजी संघ और प्रशिक्षकों ने बधाई दी है। साथ ही राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी है।

