देवघर। देवघर जिले के मोहनपुर स्थित त्रिकूट पर्वत पर रविवार की सुबह हुए भूस्खलन ने आठ साल पुरानी चेतावनी को सच साबित कर दिया। पहाड़ की दरकती चट्टानों से संभावित खतरे को लेकर पुरातत्वविद् एवं लेखक पं. अनूप कुमार वाजपेयी ने मार्च 2018 में ही अपनी पुस्तक ‘विश्व की प्राचीनतम सभ्यता’ में आगाह किया था। उन्होंने लिखा था कि पर्वत से चिपके विशाल शिलाखंड कभी भी अपनी जगह छोड़ सकते हैं और पहाड़ी रास्ते पर कहर बरपा सकते हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे त्रिकूट पर्वत की लगभग 1500 फीट ऊंची चोटी से करीब 200 फीट का विशाल चट्टानी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। संयोग रहा कि घटना के समय वहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही नहीं थी। विशाल चट्टान नीचे स्थित आश्रम से महज 50 फीट पहले जाकर रुक गई। इस घटना ने त्रिकूट पर्वत पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुस्तक के पन्नों में दर्ज था चट्टानों के टूटने का खतरा
समीक्षा प्रकाशन, मुजफ्फरपुर/दिल्ली से मार्च 2018 में प्रकाशित पुस्तक (ISBN: 978-93-87638-12-9) के पृष्ठ संख्या 66 और 67 पर पं. अनूप कुमार वाजपेयी ने त्रिकूट पर्वत की भौगोलिक संरचना और दरकती चट्टानों का विस्तार से उल्लेख किया है। पुस्तक में उन्होंने पर्वत को ‘त्रिकुटि’ नाम से संबोधित करते हुए विष्णु खंड और महेश खंड की स्थिति का वर्णन किया है। उनके अनुसार, महेश खंड का पूर्वी किनारा दरक चुका था और वहां विशाल शिलाखंड किसी तरह पर्वत से चिपके हुए थे। उन्होंने लिखा था, ”यह तय है कि आने वाले समय में ये सभी शिलाखंड अपने स्थानों को छोड़ेंगे ही और पहाड़ी रास्ते पर कहर ढहाएंगे।” उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि लगातार दरकने और ढहने की प्रक्रिया से पर्वत का ऊपरी हिस्सा छोटा और पतला होता जा रहा है।
1999 के तूफान और फेलिन चक्रवात से भी पहुंचा था नुकसान
पं. वाजपेयी ने 27 अक्टूबर 2013 की अपनी यात्रा के संस्मरण में प्राकृतिक आपदाओं से त्रिकूट पर्वत को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया था। पुस्तक के अनुसार, 23 सितंबर 1999 को बारिश के साथ आए भीषण तूफान में विष्णु खंड के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से टूट गए थे। इसके बाद अक्टूबर 2013 में फेलिन चक्रवात के दौरान विष्णु खंड के पूरब-उत्तर का एक हिस्सा टूटकर करीब 10 फीट नीचे खिसक गया था। एक विशाल चट्टान पर्वत से लटक गई थी। उन्होंने पहाड़ पर बने घुमावदार सीढ़ियों वाले पैदल मार्ग की जर्जर स्थिति का भी जिक्र किया था।
चट्टान गिरने से मची दहशत, पेड़-पौधों और जड़ी-बूटियों को भारी नुकसान
रविवार सुबह चट्टान टूटकर गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण, दुकानदार और जंगल के जीव-जंतु तक सहम गए। कुछ देर तक पूरे इलाके में धूल का गुबार छाया रहा। चट्टान आश्रम से करीब 50 फीट पहले रुक गई। वहीं, सैकड़ों पेड़, हजारों छोटे-बड़े पौधे और दुर्लभ जड़ी-बूटियां नष्ट हो गईं। नीचे गिरने के दौरान रास्ते में मौजूद कई अन्य चट्टानें भी टूटकर दूर-दूर तक बिखर गईं।
रोपवे बंद होने के बाद पैदल मार्ग की सुरक्षा पर सवाल
उल्लेखनीय है कि 2022 के रोपवे हादसे के बाद से त्रिकूट रोपवे बंद है। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शिखर तक पहुंचने के लिए करीब दो घंटे की कठिन पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। भूस्खलन की ताजा घटना ने पैदल मार्ग की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

