डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के औद्योगिक परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव आने जा रहा है, जहां टाटा स्टील ने अपनी ट्यूब्स और कलर्स इकाइयों को बेचने की दिशा में कदम बढ़ाया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत कुल 28,000 करोड़ रुपये के संयुक्त मूल्य पर ट्यूब्स कारोबार और टाटा स्टील कलर्स (टीएससीएल) की पूरी हिस्सेदारी एपीएल अपोलो ट्यूब्स को बेची जाएगी।
मुख्य कारोबार पर ध्यान केंद्रित करने की रणनीति
आमतौर पर बड़ी कंपनियों के कारोबार बेचने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती हैं, लेकिन इस मामले में कंपनी का रुख पोर्टफोलियो को पुनर्गठित करने और अपने मुख्य कारोबार पर ध्यान केंद्रित करने का दिखता है। टाटा स्टील के अनुसार, एपीएल अपोलो पहले से ही स्टील ट्यूब्स, पाइप्स और कलर कोटेड कॉइल्स क्षेत्र की बड़ी कंपनी है, और उसके पास मजबूत वितरण नेटवर्क, अनुभव और व्यापक प्रोडक्ट रेंज मौजूद है। कंपनी का मानना है कि इस सौदे से ट्यूब्स बिज़नेस को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और साथ ही टाटा स्टील को अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने का अवसर मिलेगा।
क्या बदल रहा है और क्या नहीं?
ट्यूब्स डिवीजन का सौदा: ट्यूब्स बिज़नेस को बेचने के लिए एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट को मंजूरी मिली है, जो एकमुश्त (स्लंप सेल) आधार पर 11,700 करोड़ रुपये तक का होगा। इसमें जमशेदपुर के साथ होसुर और साहिबाबाद स्थित स्टील ट्यूब्स व पाइप बनाने के प्लांट शामिल हैं, साथ ही खोपोली की कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील इकाइयां भी इसमें आएंगी।
टाटा स्टील कलर्स से बाहर निकलने का फैसला: 16,300 करोड़ रुपये के शेयर परचेज एग्रीमेंट (एसपीए) के तहत टाटा स्टील कलर्स (पहले टाटा ब्लूस्कोप) में पूरी 100 फीसदी हिस्सेदारी बेची जा रही है। इस राशि में से 8,150 करोड़ रुपये सीधे टाटा स्टील को मिलेंगे और शेष 8,150 करोड़ रुपये इसकी सहायक कंपनी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स को प्राप्त होंगे।
शेयरहोल्डिंग और कंपनी पहचान: कंपनी ने साफ किया है कि एपीएल अपोलो टाटा ग्रुप या प्रमोटर ग्रुप की कंपनी नहीं है, और इस सौदे से टाटा स्टील के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में कोई बदलाव नहीं होगा।
पृष्ठभूमि: कंपनी ने नवंबर 2025 में संयुक्त उद्यम भागीदार की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,100 करोड़ रुपये में खरीदी थी, और वैधानिक मंजूरियों के बाद अप्रैल 2026 में यह पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनी तथा इसका नाम बदलकर टाटा स्टील कलर्स किया गया था।
कर्मचारियों और बाजार के लिए क्या है समय-सीमा?
इस बड़े फैसले के बाद औद्योगिक हलकों और कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज है, लेकिन जानकारी के मुताबिक यह बदलाव तुरंत लागू नहीं होगा। दोनों समझौते एक-दूसरे से जुड़े हैं और जरूरी सरकारी व नियामक मंजूरियां मिलने के बाद इनके 31 मार्च 2028 या उससे पहले एक साथ पूरा होने की संभावना है।

