डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: कर्मचारी राज्य बीमा निगम से जुड़े कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब बीमारी या मातृत्व से जुड़े लाभ लेने के लिए बीमित कर्मियों को अलग से दावे करने की झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। नए नियमों के लागू होने पर पात्र कर्मचारियों के दावे उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर अपने-आप प्रोसेस किए जाएंगे और लाभ की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर हो सकेगी।
मातृत्व लाभ के लिए पहले आवेदन की समयसीमा में बदलाव
नए प्रावधानों के तहत प्रसव की संभावित तिथि से पहले मातृत्व लाभ का दावा करने की अवधि को 50 दिन से बढ़ाकर 56 दिन कर दिया गया है। हालांकि, जिन बीमित महिलाओं के पहले से दो या उससे अधिक जीवित बच्चे हैं, उनके लिए यह समयसीमा 42 दिन ही रहेगी।
कार्यस्थल पर हादसे में भी मिलेगा तेज लाभ
काम के दौरान दुर्घटना होने पर भी कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रक्रिया के तहत लाभ मिल सकेगा। जानकारी के मुताबिक काम के दौरान अस्थायी दिव्यांगता होने पर नियोक्ता की दुर्घटना रिपोर्ट के आधार पर क्लेम की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में भी रिपोर्ट के आधार पर पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कर्मचारी की मृत्यु होने की स्थिति में पात्र आश्रितों को मिलने वाले लाभ की प्रक्रिया दुर्घटना रिपोर्ट से शुरू हो सकेगी।
संबंधित दुर्घटना को रोजगार से जुड़ा मानने की पुष्टि ESIC करेगा।
अपने-आप क्लेम प्रोसेस होने के लिए ये 3 शर्तें जरूरी
1. संबंधित मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के सूचना तंत्र के माध्यम से जारी हुआ हो।
2. नियोक्ता ने संबंधित अवधि का जरूरी मासिक रिटर्न ESIC पोर्टल पर जमा किया हो।
3. कर्मचारी का बैंक खाता आधार और ESIC बीमा नंबर से लिंक हो।
फिलहाल, इन नए नियमों को लागू करने की तारीख ESIC के महानिदेशक द्वारा तय की जाएगी।

