अब बिना झंझट पहुंचें राजस्थान और यूपी! टाटानगर से चली नई सुपरफास्ट ट्रेन, जानिए रूट और टाइमिंग

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के यात्रियों और विशेष रूप से खाटू श्याम बाबा के भक्तों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब झारखंड से राजस्थान के सफर के लिए यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन से बहुप्रतीक्षित संतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से न केवल टाटानगर का राजस्थान के साथ सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है, बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख शहरों जैसे प्रयागराज, कानपुर, आगरा और जयपुर तक पहुंचना भी बेहद सुगम हो गया है।

​भव्य उद्घाटन और दिग्गजों की मौजूदगी
​टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 को दुल्हन की तरह फूलों से सजाया गया था। ट्रेन के इस ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। वही, टाटानगर स्टेशन पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, सीनियर डीसीएम, आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट सहित कई गणमान्य लोग, रेलवे अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे।

खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को सबसे बड़ा फायदा
​इस नई ट्रेन के संचालन से सबसे अधिक लाभ उन श्रद्धालुओं को मिलेगा जो अक्सर खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए राजस्थान जाते हैं। खातीपुरा स्टेशन से जयपुर शहर की दूरी महज 17 किलोमीटर है, जिससे यात्रियों को आवागमन में जबरदस्त सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की यात्रा करने वाले आम पर्यटकों और व्यापारियों के लिए भी यह ट्रेन वरदान साबित होगी।

ट्रेन का रूट, समय-सारणी और ठहराव
​रेलवे बोर्ड द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, यह ट्रेन कुल 1,677 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करेगी।
​टाटानगर आगमन और प्रस्थान: ट्रेन संख्या 18061 (संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस) टाटानगर स्टेशन पर रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
​वापसी का समय: वापसी में ट्रेन संख्या 18062 (खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस) टाटानगर स्टेशन पर दोपहर 3:05 बजे पहुंचेगी और 3:10 बजे प्रस्थान करेगी।
​प्रमुख ठहराव: यह ट्रेन अपने सफर के दौरान चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

सप्ताह में एक दिन होगा संचालन
​रेलवे के दस्तावेजों के मुताबिक यह साप्ताहिक ट्रेन संतरागाछी से प्रत्येक बुधवार और खातीपुरा से प्रत्येक शुक्रवार को पटरी पर दौड़ेगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एलएचबी रेक वाली इस ट्रेन के रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को सौंपी गई है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड और बंगाल के लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।

Share This Article