डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया:शहर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर (संख्या-2/6) में चोरों ने एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान के बंद क्वार्टर की दीवार फांदकर और पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने व 15 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है।
परिवार गया हुआ था मानगो, पीछे से चोरों ने बोला धावा
पीड़ित शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी (जो गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं) और नतनी के साथ इस क्वार्टर में रहते हैं। परिवार के अनुसार, शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह की कमी होने के कारण पूरा परिवार घर में ताला लगाकर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चला गया था।
रविवार की रात जब परिवार के लोग वापस लौटे और मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो उनके होश उड़ गए। कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था, दूसरे कमरे की अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे गहनों का बैग गायब था।
पीछे की दीवार फांदकर और ताला तोड़कर घुसे चोर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने शातिर तरीके से क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदी और परिसर में दाखिल होकर पिछले दरवाजे का ताला तोड़ा। घटना स्थल पर दीवार और जमीन पर चोरों के हाथ-पैर के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि चोर वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरों की संख्या कितनी थी, वे किस रास्ते से आए थे और किधर भागे। पुलिसिया जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ ही पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

