हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित कंटोनमेंट मौजा की 50 डिसमिल खासमहल जमीन एक बार फिर विवादों में है। 18 सितंबर को अतिक्रमण के आरोप में यहां बुलडोजर चलाया गया था। अब स्थानीय लोगों ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू पर दोबारा कब्जे और देर रात जेसीबी से तोड़फोड़ कराने का आरोप लगाया है।
देर रात काम कराने से स्थानीय लोगों में चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से वहां रह रहे हैं। देर रात जेसीबी से पुराने निर्माण को तोड़े जाने के बाद उन्हें अपने रहने की चिंता सता रही है। इस बार मौके पर बड़ी बाउंड्री वॉल भी बनाई गई है।
अंचल अधिकारी ने जांच कर कोर्ट में जवाब देने की बात कही
सदर अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार के मुताबिक, वार्ड पार्षद से देर रात काम कराए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत यथास्थिति बनाए रखनी है और तोड़फोड़ के मामले में कोर्ट में जवाब दिया जाएगा।
योगेंद्र साहू ने जमीन पर अपना दावा रखा
पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू ने कहा कि खासमहल के दो प्लॉट उन्हें लीजधारियों से मिले हैं। बेटे की शादी के कार्यक्रम के लिए जमीन की सफाई कराई जा रही है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश में अधिकारियों को कार्रवाई से रोका गया है, जमीन पर उनके काम करने पर रोक नहीं है।
एसडीपीओ ने बताया, यथास्थिति बनाए रखने का आदेश
सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों और अंचल अधिकारी से सूचना मिलने के साथ हाईकोर्ट का यथास्थिति बनाए रखने का आदेश भी मिला था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची।

