डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पारिवारिक विवादों में कानूनी रास्तों के बजाय आपसी समझौते का रास्ता अक्सर महिलाओं के लिए कितना जोखिम भरा साबित हो सकता है, गुमला की इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है। अदालत में चल रहे मुकदमों के बीच भरोसे की बुनियाद पर ससुराल लौटीं दो महिलाओं की हत्या के बाद आरोपियों ने जिस तरह खुद थाने जाकर कहानी गढ़ने की कोशिश की, वह पूरी तरह नाकाम रही। एक मासूम बच्चे की जुबान और पुलिस की सख्ती ने उस साजिश से पर्दा उठा दिया, जिसे जंगल की गहराइयों में दफनाकर छिपाने की तैयारी थी।
कानूनी लड़ाई से ‘समझौते’ तक का सफर
मामला गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली से जुड़ा है, जहां रहने वाले दो भाइयों शिवशंकर साहू और नवीन साहू पर अपनी पत्नियों मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) की हत्या का आरोप है।
राधिका का मामला: दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, शादी से पहले नवीन साहू पर दुष्कर्म के आरोप लगे थे। मामला थाने तक पहुंचा तो परिवार के स्तर पर दबाव बनाकर 11 मार्च 2025 को दोनों की शादी करा दी गई। आरोप है कि इसके बाद दो लाख रुपये नकद और पल्सर बाइक की मांग को लेकर राधिका को प्रताड़ित किया जाने लगा, जिसके चलते 2026 में उसने भरण-पोषण और प्रताड़ना के खिलाफ अदालत की शरण ली।
मिनी प्रिया का मामला: 28 अप्रैल 2016 को शिवशंकर साहू से विवाह के बाद मिनी प्रिया को कथित तौर पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक यातनाएं झेलनी पड़ीं। परेशान होकर उसने 17 सितंबर 2026 को कुटुंब न्यायालय में भरण पोषण का वाद दायर किया था। दोनों मामलों में 21 नवंबर 2026 को सुनवाई तय थी, लेकिन विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) जाने के बजाय दोनों परिवारों ने आपस में बातचीत कर मामला सुलझाने का फैसला किया। ससुराल पक्ष के कथित भरोसे कि अब मारपीट नहीं होगी और सम्मान के साथ रखा जाएगा इस पर दोनों महिलाएं घर लौटीं, लेकिन वहीं उनकी जिंदगी का अध्याय खत्म हो गया।
थाने में रची गई कहानी और मासूम का बयान
हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए कथित तौर पर टांगी का इस्तेमाल किया गया और शवों को एक निजी एंबुलेंस के जरिए सिमडेगा के बीरू जंगल ले जाकर दफना दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि मंगलवार को दोनों आरोपी भाई खुद थाने पहुंचे और पत्नियों की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। जांच के दौरान जब पुलिस ने शिवशंकर के सात वर्षीय बेटे अंश राज से बात की, तो उसने बताया कि घर से दो बाल्टी खून बाहर फेंका गया था।
इस अहम सुराग के बाद पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपियों के दावे ढह गए और उन्होंने कथित रूप से जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना के बाद पुलिस ने बीरू जंगल से दोनों शवों को बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई एंबुलेंस को जब्त कर लिया गया है और दोनों पतियों समेत ससुराल पक्ष के कई सदस्यों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच की जा रही है।

