हिलसा में अधिकारियों के सरकारी आवासों के बीच पूर्व विधायक के घर भीषण चोरी, CCTV सिस्टम तक उखाड़ ले गए चोर

Reena Sharma
3 Min Read

शक्ति सिंह यादव का मकान हिलसा के वीआईपी इलाके में मुख्य सड़क पर स्थित है। इसके ठीक बगल और सामने SDO, DSP और न्यायिक पदाधिकारियों के सरकारी आवास हैं। मंगलवार रात घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। शक्ति सिंह का आरोप है कि अपराधियों ने पूरे मकान को खंगाला और जमकर तोड़फोड़ की।

3-4 घंटे तक घर में रहे चोर, CCTV सिस्टम भी ले गए

शक्ति सिंह यादव ने अपने पोस्ट में दावा किया कि अपराधियों ने कम से कम 3 से 4 घंटे तक इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने लिखा कि अपराधियों ने रात में घर में घुसकर पूरे मकान को खाली कर दिया, बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ कर संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया और साक्ष्य मिटाने के लिए CCTV का पूरा मशीन और सेटअप तक उखाड़कर ले गए। उन्होंने आगे कहा कि यह गनीमत रही कि घर के भीतर कोई सोया हुआ नहीं था, वरना अपराधी उसकी हत्या भी कर सकते थे।

VIP इलाके में चोरी पर पुलिस गश्ती को लेकर उठाए सवाल

RJD नेता ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां अनुमंडल के तमाम आला अधिकारी रहते हों, वहां मुख्य सड़क पर स्थित मकान में 3-4 घंटे तक भीषण चोरी होती रही और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। उन्होंने रात्रि गश्ती दल की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि वहां तैनात पुलिसकर्मी आखिर क्या कर रहे थे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के कामकाज पर भी नाराजगी जताई।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

शक्ति सिंह यादव ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार का इकबाल इस कदर गिर चुका है कि अपराधियों में कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं बचा है। जब वीआईपी इलाके और अधिकारियों के आवास के ठीक सामने पूर्व विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता का घर सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने सरकार को कानून-व्यवस्था पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी।

FSL टीम और डॉग स्क्वॉड से होगी जांच

हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि मकान में कोई सदस्य नहीं रह रहा था। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। मामले की जांच के लिए FSL टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है।

दो लाख रुपये और कारतूस चोरी होने की चर्चा

चर्चा है कि घर से करीब दो लाख रुपये, आधा दर्जन कारतूस और कई जरूरी कागजात चोरी हुए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए सामान की सूची अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।

Share This Article