एक बार अंक चढ़े तो नहीं होगा सुधार, कोल्हान विवि ने कॉलेजों को दी सख्त चेतावनी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के परीक्षा विभाग ने परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर कॉलेजों व विद्यार्थियों के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा और नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा, वरना अंकों और आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

अंक अपलोड करने में लापरवाही पर कोई छूट नहीं
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, परीक्षाएं संपन्न होने के बाद संबंधित कॉलेजों को 5 जनवरी 2027 तक आधिकारिक पोर्टल www.kuuniv.in पर विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। परीक्षा विभाग ने दो टूक कहा है कि एक बार अंक पोस्ट होने के बाद उनमें सुधार का मौका नहीं मिलेगा। तय समय-सीमा बीतने या रिजल्ट जारी होने के बाद भेजे गए अंकों पर विचार नहीं किया जाएगा। कॉलेजों को अपलोड किए गए अंकों का प्रिंट सुरक्षित रखना होगा, जबकि अटेंडेंस शीट और मार्क्स फॉयल अलग-अलग सीलबंद लिफाफों में तथा उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा विभाग में जमा करानी होंगी।

स्नातक थर्ड व आठवें सेमेस्टर की प्रैक्टिकल और इंटरनल परीक्षाएं
विश्वविद्यालय ने स्नातक थर्ड सेमेस्टर परीक्षा 2025 (सत्र 2024-28 के नियमित और सत्र 2022-26 व 2023-27 के एक्स-रेगुलर)और स्नातक आठवें सेमेस्टर परीक्षा 2026 (सत्र 2022-26) की इंटरनल, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और वाइवा-वॉयस परीक्षाओं की तिथि तय कर दी है। ये परीक्षाएं 1 से 15 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होंगी। कॉलेजों को एक्सटरनल नियुक्त करने और जिन विषयों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

पीजी प्रथम सेमेस्टर पंजीयन के लिए 30 नवंबर तक अवसर
इसके अलावा पीजी एमए, एमएससी और एमकॉम प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025-27) के विद्यार्थियों को 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ 25 से 30 नवंबर 2026 तक पंजीयन आवेदन करने का मौका दिया गया है। पंजीयन से जुड़े अन्य शुल्क, नियम और शर्तें 15 अक्टूबर को जारी पूर्व अधिसूचना के अनुसार लागू रहेंगी।

Share This Article