डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:झारखंड के मौसम में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक राज्य के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। राजधानी रांची समेत कोल्हान के मुख्य औद्योगिक शहर जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में भी इस दौरान उमस भरी गर्मी का असर बढ़ सकता है।
हालांकि यह गर्मी का दौर जल्द ही थमने वाला है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है, जिसके प्रभाव से 9 और 10 सितंबर को झारखंड के कई जिलों का मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान जमशेदपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात और झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
राज्य के तापमान और हालिया स्थिति
शुक्रवार को रांची में छिटपुट बारिश के बीच अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 2.4 डिग्री अधिक था। वहीं, लातेहार और कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 8 सितंबर के बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी और 9-10 तारीख को बारिश होने से तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी।

