पलामू के मनातू में 5 हजार की आबादी बेहाल, अधूरी पुलिया पर ग्रामीणों का हल्ला; बोले- पुल नहीं तो वोट नहीं

Reena Sharma
2 Min Read

अधूरी पुलिया से तीन गांवों का संपर्क प्रभावित

पलामू जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर मनातू प्रखंड के चक पंचायत अंतर्गत टिल्हा, ब्राह्मणी और गयनीया टांड़ गांव के करीब 400 घरों की आबादी लगभग 5 हजार है। प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली पुलिया वर्षों से अधूरी पड़ी है, जिससे बरसात में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाता है।

नदी में पानी बढ़ा, 100 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित

वार्ड सदस्य सरिता देवी ने बताया कि तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को मुख्यालय आने-जाने में परेशानी होती है। इस वर्ष करीब 100 विद्यार्थी एक माह से स्कूल जाने में बाधित हैं। ग्रामीणों ने सरकार, सांसद और विधायक से जल्द पुलिया निर्माण पूरा कराने की मांग की। नदी में पानी बढ़ने से मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है।

नदी में उतरकर 300 ग्रामीणों ने जताया विरोध

पुलिया निर्माण की मांग को लेकर करीब 300 ग्रामीण नदी के जलप्रवाह के बीच खड़े होकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने कहा कि तेज बहाव के कारण पूर्व में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।

Advertisement

विधायक प्रतिनिधि ने दिया पुल निर्माण का भरोसा

पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता के प्रतिनिधि उदेश यादव ने कहा कि गांव की स्थिति जर्जर है। वे विधायक को मामले से अवगत कराकर पुलिया निर्माण की मांग रखेंगे। ग्रामीणों ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग दोहराई।

Share This Article