अवैध कोयला खनन पर BCCL का बड़ा एक्शन, जोगीडीह कोलियरी में दो अवैध मुहानों को मिट्टी-OB से किया बंद

Reena Sharma
2 Min Read

बाघमारा। जोगीडीह (एरिया-03) कोलियरी अंतर्गत सिम-01 इंकलाइन के पीछे अवैध उत्खनन को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन और सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है।

31 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो अवैध मुहानों को ओबी (OB/पत्थर) और मिट्टी से पूरी तरह भरकर बंद कर दिया गया।

चार अवैध मुहानों के पास चलाया गया सर्च अभियान

मिली जानकारी के अनुसार, सक्षम अधिकारी के आदेशानुसार 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 3:15 बजे सिम-01 इंकलाइन के पीछे स्थित चार अवैध मुहानों के समीप रेड/सर्च अभियान चलाया गया था।

निरीक्षण के दौरान चारों मुहाने खुले मिले थे, हालांकि मौके पर कोई कोयला बरामद नहीं हुआ था। उस समय संसाधनों की कमी के कारण भराई का कार्य पूरा नहीं हो सका था।

पेलोडर, जेसीबी और हाइवा से हुई कार्रवाई

इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 को बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा लॉजिस्टिक सहायता सुनिश्चित की गई। दोपहर लगभग 3:00 बजे प्रबंधन की ओर से एक पेलोडर, एक जेसीबी और दो हाइवा मौके पर उपलब्ध कराए गए। संसाधनों के पहुंचते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई।

चार घंटे तक चला भराई अभियान

दोपहर 3:15 बजे से शाम 7:15 बजे तक लगातार कार्रवाई करते हुए ओबी और मिट्टी डालकर दो अवैध मुहानों की भराई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। दोनों मुहानों को पूरी तरह बंद कर दिया गया, ताकि अवैध उत्खनन पर रोक लगाई जा सके।

50 सुरक्षा जवानों की रही तैनाती

यह पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस रेड/सर्च और भराई अभियान के दौरान एरिया-03 के एरिया कमांडर, कंपनी कमांडर, पोस्ट कमांडर सहित रेड पार्टी के लगभग 50 सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे।

Share This Article