डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से शिकागो के ओ’हारे एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट (BA295) सोमवार को बीच आसमान में एक बड़े संकट में घिर गई। आयरलैंड के ऊपर उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 28,000 फीट की भारी गिरावट का शिकार हो गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
37 हजार फीट से सीधे 9 हजार फीट पर पहुंचा विमान
फ़्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, बोइंग 777-200ER (रजिस्ट्रेशन G-VIIA) विमान ने निर्धारित यात्रा के तहत लगभग 37,000 फीट की ऊंचाई हासिल कर ली थी। लेकिन कुछ ही मिनटों के भीतर विमान की ऊंचाई तेजी से घटकर केवल 9,000 फीट पर आ गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तत्काल अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड ‘7700’ एक्टिव कर दिया।
लंदन वापस लौटी फ्लाइट, यात्रा रद्द
आसमान में अचानक आए इस संकट के बाद पायलट ने विमान को शिकागो ले जाने के बजाय वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला किया। सुरक्षित रूप से विमान को वापस हीथ्रो उतार लिया गया, जिसके बाद शिकागो की इस पूरी यात्रा को रद्द करना पड़ा। हालांकि, विमान के अचानक नीचे आने और इस तरह रूट बदलने की असली वजह अभी तक आधिकारिक तौर पर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

