ई-कल्याण छात्रवृत्ति में देरी से भड़का छात्रों का आक्रोश, 5 नवंबर को रांची में होगा छात्र महाआंदोलन

Reena Sharma
2 Min Read

झारखंड में ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के नेतृत्व में 5 नवंबर को रांची में छात्र महाआंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के जरिए छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी और कल्याण मंत्री चामरा लिंडा के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

तीन शैक्षणिक सत्रों की छात्रवृत्ति लंबित

AISF के प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सत्र 2023–24, 2024–25 और 2025–26 की छात्रवृत्ति लंबित होने से हजारों छात्र-छात्राएं आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति नहीं मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हैं।

5 नवंबर को करमटोली चौक से निकलेगा छात्र मार्च

अफजल दुर्रानी ने घोषणा की कि 5 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रेस क्लब के पास, करमटोली चौक से छात्र मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च मोरहाबादी स्थित कल्याण विभाग पहुंचकर प्रदर्शन और घेराव में तब्दील होगा। आंदोलन में राज्य के विभिन्न जिलों से छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है।

छात्रवृत्ति भुगतान और मंत्री के इस्तीफे की मांग

AISF की प्रमुख मांगों में लंबित छात्रवृत्ति राशि का अविलंब भुगतान, विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान और कल्याण मंत्री चामरा लिंडा का इस्तीफा शामिल है।

Share This Article