उपराष्ट्रपति के 10 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा, यातायात, विधि-व्यवस्था और प्रोटोकॉल की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय प्रभारी मनीष रंजन ने की।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक की तैयारी
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने देवघर एयरपोर्ट पर स्वागत से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
एम्स और सैन्य संपर्क मेले की समीक्षा
बैठक में देवघर एयरपोर्ट, एम्स और सैन्य संपर्क मेले से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने को कहा गया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के साथ सड़क, बिजली, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और खाद्य सुरक्षा की समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश मिला।
अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहकर तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

