डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: शेयर बाजार में निवेश करने की सोच रहे लोगों के लिए सितंबर का महीना बेहद रोमांचक रहने वाला है। जुलाई के बाद अब सितंबर में प्राइमरी मार्केट पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है। आने वाले सप्ताह में निवेशकों के पास कमाई करने के ढेरों विकल्प खुलने वाले हैं, क्योंकि इस दौरान मेनबोर्ड सेगमेंट में एक साथ 12 कंपनियों के आईपीओ लॉन्च होने जा रहे हैं।
7100 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश
इन 12 कंपनियों के आईपीओ के जरिए बाजार से कुल 7100 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाने की योजना है। जानकारों का मानना है कि एक साथ इतने सारे आईपीओ का आना यह संकेत देता है कि निवेशकों का रुझान शुरुआती चरण की और ग्रोथ वाली कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़ाने की ओर तेजी से हो रहा है। इस पूरी सूची में रेंटोमोजो, कनोहर इलेक्ट्रिकल्स, करमतारा इंजीनियरिंग, मणिपाल पेमेंट और एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी जैसे कई जाने-माने नाम शामिल हैं।
इस हफ्ते खुलने वाले प्रमुख आईपीओ और उनके आंकड़े
प्रणव कंस्ट्रक्शंस: यह आईपीओ 7 सितंबर को खुलेगा और 9 सितंबर को बंद होगा। इसका कुल आकार 351.03 करोड़ रुपये है। इसके लिए प्राइस बैंड 118 से 124 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, और इसका लॉट साइज 120 शेयरों का है।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स: 1,055.74 करोड़ रुपये के इस बड़े इश्यू में 8 से 10 सितंबर तक बोली लगाई जा सकती है। इसके लिए 601 से 632 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है।
ग्लास वॉल सिस्टम्स: 427.89 करोड़ रुपये का यह इश्यू 8 सितंबर को खुलेगा और 10 सितंबर को बंद होगा। निवेशक इसके लिए 172 से 182 रुपये प्रति शेयर के दायरे में दांव लगा सकते हैं।
प्रसोल केमिकल्स: 8 सितंबर को खुलने वाले इस आईपीओ का कुल आकार 500 करोड़ रुपये है, जिसके लिए प्राइस बैंड 643 से 676 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।

