कश्मीर से फरीदाबाद तक ऐसे बिछा पुलिस का जाल: ऑनलाइन धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : प्रधानमंत्री पुनर्वास पैकेज के तहत घाटी में नौकरी कर रहे कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर डराने और धमकाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस सिलसिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा पुलिस की सहायता से कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद से राकेश हांडू उर्फ ‘बंटी’ नामक एक विस्थापित कश्मीरी हिंदू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कश्मीर लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

क्या था पूरा मामला?
​कुछ समय पहले ‘यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल’ के नाम से कुछ आतंकी संगठनों के हवाले से ऑनलाइन धमकियां जारी की गई थी। इन धमकी भरे पत्रों और संदेशों में घाटी में कार्यरत कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों के नाम, उनके पते और यहां तक कि निजी मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए थे। साथ ही, उन्हें नौकरी छोड़कर कश्मीर से चले जाने की चेतावनी दी गई थी, जिससे विस्थापित कर्मचारियों और उनके परिवारों में भारी दहशत का माहौल बन गया था।
​बारामुला में तैनात प्रधानमंत्री पैकेज के कर्मचारी रोहित रैना ने इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी राकेश हांडू पर इन धमकी भरे संदेशों और पत्रों को सोशल मीडिया पर बार-बार शेयर करने का आरोप है। साइबर सेल की शुरुआती कार्रवाई के बाद जब जांच आगे बढ़ी, तो हांडू का नाम सामने आया। बारामुला पुलिस ने इस वर्ष 21 सितंबर को उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

पेश न होने पर हुई गिरफ्तारी
​पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान राकेश हांडू को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस भेजकर तलब किया गया था, लेकिन वह लगातार जांच से बचता रहा और पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। आखिरकार, गत सप्ताह हरियाणा पुलिस के सहयोग से ग्रेटर फरीदाबाद में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा और प्रतिक्रियाएं
इस गिरफ्तारी के बाद से मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर एक वर्ग राकेश हांडू की रिहाई के लिए मुहिम चला रहा है, वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के नेता संजय सर्राफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि राकेश हांडू को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। ​स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राकेश हांडू पूर्व में कश्मीर में चुनाव भी लड़ चुका है और लंबे समय से एक राजनीतिक दल से जुड़ा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और इसके पीछे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Share This Article