धनबाद DC का अल्टीमेटम: DMFT के सुस्त ठेकेदारों की खैर नहीं, सीधे रद्द होंगे टेंडर!

Reena Sharma
4 Min Read

धनबाद। समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में DMFT मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और कार्य शुरू नहीं करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विकास तथा आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ प्रमंडल, लघु सिंचाई, भवन निर्माण, विशेष प्रमंडल, एनआरईपी, विद्युत प्रमंडल, जूडको, झमाडा, जेडा और शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने जियो-टैग्ड तस्वीरों के साथ प्रेजेंटेशन देकर योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

लंबित योजनाओं पर टेंडर रद्द करने की चेतावनी

ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा में कई सड़कों का काम लंबित पाया गया। उपायुक्त ने अब तक शुरू नहीं हुई योजनाओं पर जल्द काम शुरू करने को कहा। निर्धारित समयसीमा में कार्य शुरू नहीं करने वाली योजनाओं के टेंडर रद्द करने की कार्रवाई की चेतावनी दी। लघु सिंचाई विभाग को शेष तालाब योजनाओं की निविदा प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया गया।

नवंबर के अंत तक शुरू होंगे 156 आंगनबाड़ी केंद्रों के काम

बैठक में विद्यालयों की बाउंड्री वॉल और रंग-रोगन, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, लेबर रूम, पार्किंग शेड और योग शेड के निर्माण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नवंबर के अंत तक 156 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। कई योजनाएं लेने के बाद कुछ ही स्थानों पर काम शुरू करने वाली एजेंसियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर टेंडर रद्द करने का निर्देश दिया।

अस्पतालों और भवन निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के गेट सहित अन्य निर्माण कार्यों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने लंबित कार्य जल्द पूरा कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने को कहा।
SSLNT अस्पताल में थैलेसीमिया वार्ड और 50 अतिरिक्त बेड जल्द चालू कराने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण व जीर्णोद्धार तथा बाउंड्रीवॉल के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। बीआरसी भवन के निर्माण और मरम्मत कार्य भी जल्द पूरा करने को कहा गया।

सड़क, पेयजल और अन्य परियोजनाओं पर भी सख्ती

पथ प्रमंडल ने बताया कि गया ब्रिज का बॉक्स निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि रेलवे द्वारा चिह्नित स्थलों से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मटकुरिया फ्लाईओवर के 26 पिलरों पर काम जारी है और करीब 25 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। बेलगड़िया सड़क के भू-अर्जन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। पेयजल विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं पर जल्द काम शुरू करने, आंगनबाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने तथा ड्राई जोन में नए तालाबों के प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने निरसा हाट बाजार का निर्माण शुरू करने, दाल-भात केंद्रों के जीर्णोद्धार और निर्माण को प्राथमिकता देने तथा असामाजिक तत्वों के कारण बाधित कार्यों को पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरा कराने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी जी लोकेश बारंगे, विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक एवं सहायक अभियंता, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और DMFT-PMU टीम के सदस्य मौजूद थे।

Share This Article