डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड के चतरा जिले में स्वर्ण और बड़े कारोबारियों को दहशत में डालने की एक खतरनाक साजिश समय रहते ध्वस्त हो गई है। कुंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिरों को धर दबोचा, जो रिश्ते में जीजा-साला हैं। आरोपियों के कब्जे से ‘मेड इन यूएसए’ मार्का एक 9 एमएम पिस्टल, जिंदा व मिसफायर कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
घटनाक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक को मिले उस इनपुट से हुई, जिसमें कुंदा क्षेत्र के एकता गांव में हथियारबंद अपराधियों के जमावड़े और किसी सनसनीखेज वारदात की तैयारी की खबर थी। इनपुट मिलते ही एसडीपीओ सन्नी वर्धन के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार की अगुवाई में एक विशेष टास्क फोर्स तैयार की गई।
पुलिस टीम जब पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तिराहे के पास गश्त और घेराबंदी कर रही थी, तभी बाइक सवार एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया।
तलाशी में मिला विदेशी हथियार
पकड़े गए युवक की पहचान मांझीपाड़ा निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से यूएसए निर्मित 9 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो मिसफायर गोलियां बरामद हुईं। अपराध में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में खुला साले का कनेक्शन
हिरासत में सख्ती से पूछताछ के दौरान दशरथ ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। उसने कबूल किया कि यह हथियार उसे उसके साले विक्रम कुमार (निवासी मरगड़ा टोला, एकता गांव) ने मुहैया कराया था। दशरथ के खुलासे के तत्काल बाद पुलिस ने दबिश देकर विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।
निशाने पर थे सराफा व रसूखदार कारोबारी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अनुसार, दोनों आरोपी इलाके के नामी सराफा व्यापारियों और बड़े व्यवसायियों पर हमला कर रंगदारी और लूट की बड़ी वारदात की तैयारी में थे। मकसद इलाके में खौफ कायम कर वसूली का नेटवर्क खड़ा करना था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दशरथ पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ कुंदा थाने में पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज है।
कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित और जिला बल के जवान शामिल थे। समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से चतरा पुलिस ने जिले में एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया है।

