डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज थाना पुलिस ने प्रतापपुर मोड़ के पास नाकेबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा।
डिक्की में बोरे में छुपाकर रखा था गांजा
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की हुंडई कार (JH01AU-5388) से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने प्रतापपुर मोड़ पर जाल बिछाकर संदिग्ध कार को रोका। जब कार की गहन तलाशी ली गई, तो उसकी डिक्की में छुपाकर रखे गए प्लास्टिक के दो बोरे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तोले जाने पर एक बोरे में 6.800 किलो और दूसरे में 2 किलो यानी कुल 8.800 किलो गांजा बरामद हुआ।
घर पर छापेमारी में मिली शराब, दूसरा तस्कर भी गिरफ्तार
पुलिस ने कार चला रहे आरोपी रोहित कुमार (निवासी भोंदल गांव) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद जब पुलिस की टीम ने रोहित के घर पर छापेमारी की, तो वहां से 750 ML की 11 बोतल विदेशी शराब भी जब्त की गई। रोहित की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दूसरे मुख्य आरोपी पवन कुमार को हंटरगंज बाजार से गिरफ्तार कर लिया। पवन के पास से भी 350 ग्राम अवैध गांजा मिला है।
मामला दर्ज, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हुंडई कार, शराब की बोतलों और कुल गांजे को जब्त कर लिया है। हंटरगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 141/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसडीपीओ ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।

