बाइक से आए 3 हमलावर, कारोबारी पर बरसाई गोलियां, जमशेदपुर में सनसनी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विजय हेरिटेज निवासी 33 वर्षीय कारोबारी निखार सबलोक की कांड्राबेड़ा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि निखार किसी काम से कांड्राबेड़ा स्थित होटल व आसपास के इलाके में गए थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन लोगों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद निखार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद वहां से निकल गए।

चार गोलियां लगने की बात, इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद घायल कारोबारी को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया। उनकी हालत बेहद गंभीर बताई गई थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निखार के शरीर में चार गोलियां लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू की है।

कारोबार से जुड़े विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह को लेकर किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच में कारोबारी विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है। निखार सबलोक होटल और अन्य कारोबार से जुड़े हुए थे, इसलिए पुलिस उनके कारोबारी संपर्को और हाल के विवादों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान होने और हत्या की असली वजह सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Share This Article