झाझा। अक्टूबर में आयोजित होने वाले मां महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग महा रुद्राभिषेक की तैयारियों को लेकर मां बासंती चैती दुर्गा मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परमानंद झा ने की। आयोजक प्रिंस कुमार उर्फ संगम झा ने बताया कि 11, 12 और 13 अक्टूबर को मां महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार महायज्ञ का उद्देश्य देवता आराधना के माध्यम से दिव्य शक्तियों का आवाहन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना है। साथ ही हवन में जड़ी-बूटियों, घी एवं अन्य हवन सामग्री के प्रयोग के माध्यम से पर्यावरण शुद्धि की भावना भी इसमें शामिल है।
महायज्ञ के माध्यम से विश्व कल्याण, समाज और प्रकृति की समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। आयोजकों ने भारत भूमि से गोहत्या के कलंक को मिटाने, प्रकृति एवं नदियों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने तथा झाझा नगर और आसपास के क्षेत्रों की समृद्धि की कामना की है।
आयोजक प्रिंस कुमार उर्फ संगम झा ने कहा कि महायज्ञ का उद्देश्य झाझा को खुशहाल बनाने और क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाओं के विकास की कामना करना भी है। उन्होंने धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में शामिल होने की अपील की। बैठक में कपिल झा, शशिकांत झा, कृष्णानंद झा, रुपेश सर, भैया लाल माथुरी, परमेश्वर यादव, प्रीतम राजहंस, निशु झा, सौरभ राज, शिवेंदु झा, केदार माथुरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

