राज्य पुरस्कार के लिए हुआ चयन
चकाई प्रखंड के पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय नावाडीह सिलफरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक किसलय प्रसाद का चयन वर्ष 2026 के राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। जमुई जिले से चयनित शिक्षकों की सूची में उनका नाम शामिल होने पर शिक्षक समाज और क्षेत्र के लोगों में खुशी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में उन्हें पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पढ़ाई के साथ खेल और विज्ञान में उपलब्धियां
किसलय प्रसाद के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। विद्यालय खेल जमुई 2025 में विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्वतंत्रता दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में द्वितीय पुरस्कार मिला। 31वीं स्टेट लेवल चिल्ड्रेन्स साइंस कांग्रेस 2023 में भी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 की इंटर परीक्षा में छात्रा अंजनी कुमारी ने 456 अंक हासिल कर जमुई जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया था।
सम्मान से विद्यालय परिवार में खुशी
किसलय प्रसाद के चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे चकाई के लिए गौरव का क्षण बताया है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों के लिए राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

