खतरे के निशान से ऊपर गंगा
पटना में गंगा नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 49.83 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 1.23 मीटर ऊपर है। वहीं दीघा घाट पर जलस्तर 51.01 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 50.45 मीटर से 56 सेंटीमीटर अधिक है। हाथीदह में भी गंगा का जलस्तर 42.06 मीटर रहा, जो खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर है।
तीन घाटों पर बैरिकेडिंग
जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए पटना सिटी के भद्र घाट, नौजर घाट और महावीर घाट पर स्थानीय प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया है। लोगों को गंगा में स्नान करने से सख्ती से मना किया गया है। एसडीआरएफ की टीम को नाव और गोताखोरों के साथ तैनात किया गया है, जबकि एसएसबी को भी नाव और लाइफ जैकेट के साथ भद्र घाट पर लगाया गया है।
नाव परिचालन पर भी रोक
अनुमंडल पदाधिकारी कशिश बक्शी ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक नावों के परिचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।

