खनन विभाग के नोटिस से भड़के पलामू के ईंट भट्ठा मालिक, बोले- सरकार हमें कर रही परेशान, कागजात के लिए मिले 6 महीने

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू। जिले के सभी ईंट भट्ठा मालिकों ने खान एवं भूतत्व विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पुरजोर विरोध किया है। विभाग की ओर से जारी सूचना में संचालित ईंट भट्ठों में मिट्टी की निकासी, भंडारण और अन्य संबंधित गतिविधियों को लेकर आवश्यक कागजात तैयार कराने का निर्देश दिया गया है।
विभाग के इस सख्त रुख के बाद ईंट भट्ठा मालिकों में नाराजगी देखी जा रही है।

कई वर्षों से चला रहे हैं ईंट भट्ठा

ईंट भट्ठा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष निर्मल मेहता ने कहा कि वे लोग कई वर्षों से ईंट भट्ठा संचालित कर रहे हैं, लेकिन इस तरह का नोटिस जारी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठा मालिकों को अचानक सभी कागजात तैयार करने का निर्देश देकर परेशान किया जा रहा है।

400 मजदूरों को मिलता है रोजगार

निर्मल मेहता ने कहा कि ईंट भट्ठा मालिक झारखंड सरकार को पलायन रोकने में सहयोग कर रहे हैं। झारखंड के कई मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं, लेकिन ईंट भट्ठा संचालक अपने यहां मजदूरों को रोजगार देकर उन्हें प्रदेश में ही काम उपलब्ध करा रहे हैं। एक ईंट भट्ठे पर कम से कम 400 लोगों को मजदूरी मिलती है।

सरकार के रवैये से ईंट भट्ठा मालिक नाराज

उन्होंने कहा कि एक तरफ ईंट भट्ठा मालिक स्थानीय मजदूरों को रोजगार देकर पलायन रोकने में मदद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार और विभाग की ओर से उन्हें परेशान किया जा रहा है। इस तरह के निर्देशों से ईंट भट्ठा संचालकों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है।

कागजात बनाने के लिए मांगा 6 महीने का समय

ईंट भट्ठा मालिकों ने जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से मांग की है कि सभी आवश्यक कागजात तैयार करने के लिए कम से कम छह महीने का समय दिया जाए, ताकि वे विभागीय निर्देशों के अनुसार अपनी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।

Share This Article