खनिज ढुलाई में तिरपाल और वीटीएस अनिवार्य, नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों पर होगी कार्रवाई; डीसी ने दिए सख्ती के निर्देश

Reena Sharma
3 Min Read

जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में बॉक्साइट माइंस, ईंट भट्ठों और क्रशर की स्थिति की समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने सहायक खनन पदाधिकारी को सभी खनन इकाइयों की जांच कर यह पता लगाने का निर्देश दिया कि किन इकाइयों का लीज समाप्त हो चुका है और इसके बावजूद वहां खनन कार्य जारी है। ऐसी इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बिना तिरपाल ढके खनिज ले जाने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

उपायुक्त ने खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना तिरपाल से ढके खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही खनिज परिवहन में लगे सभी वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। पोर्टल पर पंजीकृत वाहनों की संख्या का सत्यापन करने और जिन वाहनों में वीटीएस नहीं लगा है, उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बालू के अवैध उत्खनन और ओवरलोडिंग पर जतायी नाराजगी

बैठक में बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा।

माइंस क्लोजर प्लान के अनुरूप कार्यों की होगी जांच

उपायुक्त ने सहायक खनन पदाधिकारी को यह जांच करने का निर्देश दिया कि खनन क्षेत्रों में माइंस क्लोजर प्लान के अनुरूप निर्धारित कार्य किये जा रहे हैं या नहीं। इसके अलावा सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा।

लापरवाही बरतने वालों पर भी होगी कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिज परिवहन के मामलों में दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, सहायक खनन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article