धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला प्रशासन, धनबाद की ओर से ‘कैनवास ऑफ धनबाद’ अभियान के अंतर्गत 18 नवंबर को युवा कलाकारों के लिए विशेष ‘एक्सपोजर विजिट: लाइफ अराउंड माइंस’ का आयोजन किया गया।
इस दौरान ओपन प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित 53 युवा कलाकारों, स्कूली एवं कॉलेज के विद्यार्थियों तथा प्रोफेशनल आर्टिस्ट ने जिले की विभिन्न कोयला खदानों, कोल वाशरी, हार्ड कोक प्लांट एवं पुनर्वास क्षेत्रों का भ्रमण किया। प्रतिभागियों ने खनन कार्यों की प्रक्रिया, ओपन कास्ट माइनिंग, कोयला उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों तथा खदानों के आसपास रहने वाले लोगों की जीवनशैली को नजदीक से देखा और समझा।
कोयला खदानों और औद्योगिक क्षेत्रों का किया भ्रमण
कलाकारों ने ब्लॉक-II बाघमारा, मधुबन कोलियरी, हार्ड कोक प्लांट कतरासगढ़, बेलगड़िया टाउनशिप एवं झरिया ऐना कोलियरी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें खनन गतिविधियों, कोयला उद्योग की कार्यप्रणाली, पर्यावरण एवं आसपास के सामाजिक परिवेश से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। वहीं, बेलगड़िया टाउनशिप के भ्रमण के दौरान पुनर्वासित क्षेत्र में लोगों के रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं को भी करीब से जानने का अवसर मिला।
किताबी ज्ञान से आगे जमीनी हकीकत से हुए रूबरू
इस अनूठी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर जमीनी हकीकत को समझने तथा अपने अनुभवों को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान कलाकारों ने विभिन्न स्थानों की गतिविधियों, दृश्यों और परिवेश को बारीकी से देखा, जो उनकी आगामी पेंटिंग्स के लिए प्रेरणा का आधार बनेगा।
21 नवंबर तक जमा करनी होगी पेंटिंग
भ्रमण से लौटने के बाद सभी प्रतिभागी अपने अनुभवों एवं कल्पनाओं के आधार पर पेंटिंग तैयार करेंगे। पेंटिंग जमा करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गयी है। इसके बाद 23 नवंबर को जिला स्तरीय कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अनुशंसित किया जायेगा।
कला के माध्यम से धनबाद की औद्योगिक विरासत को जानने की पहल
उल्लेखनीय है कि ‘कल्पना से अभिव्यक्ति तक – युवा कलाकारों की नजर से धनबाद’ थीम पर आधारित यह पहल युवाओं को जिले की औद्योगिक विरासत, खनन संस्कृति एवं सामाजिक जीवन से जोड़ने के साथ-साथ धनबाद में माइनिंग टूरिज्म को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में अधिकारी, शिक्षक और कलाकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, जिला प्रशासन एवं पीएमयू की टीम, संबंधित कोलियरियों के प्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में युवा कलाकार उपस्थित रहे।

