मुजफ्फरपुर। जिले के बेला थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी लेन में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘आर्मी’ लिखी एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस और उत्पाद विभाग को गुमराह करने के लिए तस्करों ने सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार पर ‘आर्मी’ लिखवा रखा था। कार्रवाई के दौरान कुल 1021 पीस टेट्रा पैक और पेट बोतलों में भरी 183.780 लीटर चंडीगढ़ निर्मित विदेशी शराब जब्त की गयी।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
फकुली मद्यनिषेध चेकपोस्ट पर तैनात सहायक अवर निरीक्षक राज कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी लेन में एक अर्धनिर्मित मकान के पास खड़ी कार में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाई गयी है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में मद्यनिषेध और गृह रक्षक के कई जवान शामिल थे। सभी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
दो ब्रांड की 1021 बोतलें बरामद
तलाशी के दौरान वाहन से दो अलग-अलग ब्रांड की कुल 1021 पीस पेट बोतलें बरामद की गयीं, जिनकी कुल मात्रा 183.780 लीटर है। इनमें ‘ऑल सीजन गोल्डन कलेक्शन रिजर्व व्हिस्की’ और ‘ओल्ड हैबिट व्हिस्की’ शामिल हैं। जब्त सभी बोतलों पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ अंकित है, जिससे स्पष्ट होता है कि शराब की खेप चंडीगढ़ से तस्करी कर यहां लायी गयी थी।
कार्रवाई की हुई वीडियोग्राफी, शराब और वाहन जब्त
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार की। डिजिटल साक्ष्य के लिए पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करायी गयी। इसके बाद जब्त शराब और कार को उत्पाद थाना लाया गया।
अज्ञात वाहन मालिक और तस्करों पर प्राथमिकी
इस मामले में हुंडई वेन्यू कार के अज्ञात वाहन स्वामी और अन्य तस्करों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

