गिरिडीह। सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी पुल के पास मंगलवार को स्कॉर्पियो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शाम चार बजे सड़क जाम कर दिया। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच करीब छह घंटे तक चली वार्ता के बाद रात 10 बजे जाम हटाया जा सका। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हुआ।
हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर
दुर्घटना में राजधनवार थाना क्षेत्र के महेशमरवा निवासी सदानंद तुरी की मौत हो गयी, जबकि जितकुंडी निवासी मुन्नी तुरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक के इलाज के लिए तत्काल सहायता और दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीण सड़क पर उतर आये।
छह घंटे तक ठप रहा सड़क पर आवागमन
सड़क जाम के कारण सरिया-राजधनवार मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। छोटे वाहन वैकल्पिक रास्तों से निकलते रहे, लेकिन मालवाहक वाहनों की दोनों ओर लंबी कतार लग गयी। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। जाम के दौरान मौके पर पहुंचे JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूरज साव और अजय रंजन साहू ने जितकुंडी पुल के पास लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जतायी। उन्होंने दुर्घटनास्थल पर बैरिकेडिंग कराने और घायल युवक के इलाज के लिए तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की।
प्रशासन ने दिया मुआवजे के लिए पहल का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए CO संदीप मधेसिया, सरिया पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। CO ने ग्रामीणों को बताया कि सरकारी स्तर पर इस तरह के मुआवजे का प्रावधान नहीं है। हालांकि, वाहन मालिक से बात कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा।
लिखित आश्वासन के बाद रात 10 बजे हटा जाम
प्रशासन की ओर से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को स्थानीय ग्रामीण के जिम्मेनामे सौंपने और 24 घंटे के भीतर वाहन मालिक से वार्ता कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की पहल करने का लिखित आश्वासन दिया गया। इस पर ग्रामीणों की सहमति बनने के बाद शाम चार बजे से जारी जाम रात 10 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद सड़क पर फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।

