डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया :सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत एनएच-18 पर रावताड़ा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले अभिजीत गोराई के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए आदरडीह उन्नयन समिति आगे आई है। समिति की ओर से शोकाकुल परिवार को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया है।
इस दौरान समिति ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को कड़ी चेतावनी दी है।
सुरक्षा इंतजाम नहीं हुए तो होगा जन आंदोलन
समिति के अध्यक्ष दिकपाल कुमार ने कड़े शब्दों में कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले NH-18 और NH-33 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन दुर्घटनाओं में आए दिन निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं या फिर गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांग हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर NHAI ने दुर्घटनाओं के इन ब्लैक स्पॉट्स और कारणों की समीक्षा कर जल्द सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए, तो आदरडीह उन्नयन समिति स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर उग्र और चरणबद्ध जन आंदोलन शुरू करेगी।
खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग
दिकपाल कुमार ने मांग की है कि सड़क के खतरनाक मोड़ों पर तत्काल प्रभाव से
यातायात संकेतक लगाए जाएं। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो। गति नियंत्रण के पुख्ता उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क विकास का दावा करने वाली एजेंसियों की यह प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वे यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। इस दौरान राहत वितरण और विरोध-प्रदर्शनी के अवसर पर भक्तु जी महाराज, शिबू रजक, जयदेव कुमार, चंद्र कुंभकार, उनिल सिंह, केशव गोराई, कांचन दास, भीम कुमार, उत्तम दास और कृष्णा सहित समिति के कई अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

